शराब के नशे में महिला नर्स से अभद्रता करने वाला आरोपी गिरफ्तार रघुनाथनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
रघुनाथनगर (जिला बलरामपुर-रामानुजगंज)।
थाना रघुनाथनगर पुलिस ने सीएचसी रघुनाथनगर में ड्यूटी पर तैनात महिला स्टाफ नर्स से अभद्रता एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला दिनांक 16 अक्टूबर का है, जब प्रार्थीया राजकली आयाम, पदस्थ स्टाफ नर्स, सीएचसी रघुनाथनगर ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी सिंहलाल अगरिया पिता रोसे (उम्र 42 वर्ष), निवासी ग्राम रमेशपुर, थाना रघुनाथनगर, अपने भाई के इलाज में देरी होने की बात कहकर शराब के नशे में अस्पताल पहुंचा और महिला स्टाफ नर्स के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी ने लगभग दो घंटे तक अस्पताल परिसर में उपद्रव मचाया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
प्रार्थीया की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 139/2025 पंजीबद्ध किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 221, 224, 296, 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों — पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विश्वदीपक त्रिपाठी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) वाड्रफनगर रामअवतार ध्रुव — के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिंहलाल अगरिया को 17 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।