ज्ञानोत्सव 2026 में गूंजा भागवत अमृत, आचार्य बलदेव महाराज ने बताया भागवत का महत्व

0 80

रामानुजगंज। ज्ञान यज्ञ परिवार, रामानुजगंज के तत्वावधान में धर्मशाला परिसर में आयोजित पांच दिवसीय ज्ञानोत्सव 2026 के अंतर्गत गुरुवार से श्रीमद्भागवत अमृत कथा का शुभारंभ हुआ। पहले दिन कथा व्यास आचार्य श्री बलदेव महाराज जी ने भागवत के महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संदेश दिया।
आचार्य श्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को दिशा देने वाला दिव्य मार्गदर्शक है। भागवत कथा का श्रवण करने से व्यक्ति के अंतर्मन का शुद्धिकरण होता है और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान का स्मरण और भागवत कथा का श्रवण ही मोक्ष का सरल मार्ग है। कथा के दौरान धर्मशाला परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे समय भक्ति रस में सराबोर वातावरण बना रहा।
देर शाम आयोजित प्रवचन में स्वामी त्यागमूर्ति जी ने सनातन धर्म की महत्ता तथा भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। आज के समय में समाज को श्रीराम के आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है, जिससे सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों को बल मिल सके।
आयोजन में सामाजिक चिंतक एवं विचारक बजरंग मुनि, नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल अपनी पत्नी शिप्रा अग्रवाल के साथ उपस्थित रहे। साथ ही कन्हैया लाल अग्रवाल, कुसुम अग्रवाल, अजय गुप्ता, प्रेमा अग्रवाल, सरिता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए मौजूद रहे।
ज्ञानोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में प्रतिदिन भागवत कथा एवं आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.