जी-राम-जी योजना का शुभारंभ, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने किया उद्घाटन

0 128

रामचंद्रपुर जनपद के रामानुजगंज में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जी-राम-जी योजना का भव्य शुभारंभ आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके पश्चात कैबिनेट मंत्री श्री नेताम ने योजना का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि जी-राम-जी योजना कोई दिखावटी योजना नहीं, बल्कि एक ठोस, व्यवहारिक और जनहितकारी पहल है। यह योजना स्पष्ट नीति और मजबूत उद्देश्य के साथ तैयार की गई है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को उनकी वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में होने वाले सभी कार्य सरपंच-सचिव द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों के आधार पर ही स्वीकृत किए जाएंगे, जिससे योजनाओं का लाभ सही और जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचेगा।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जाने की व्यापक संभावनाएं हैं, क्योंकि यह योजना पूरी तरह मांग आधारित है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजना के तहत कार्य करने वाले प्रत्येक मजदूर को 15 दिवस के भीतर मजदूरी की राशि सीधे उसके बैंक खाते में स्थानांतरित कर दी जाएगी, जिससे भुगतान में होने वाली समस्याएं समाप्त होंगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री नेताम ने ग्राम पंचायतों से आए ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इसी दौरान जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष द्वारा जनपद कार्यालय में भवन व्यवस्था के अभाव का मुद्दा उठाते हुए बैठकों के लिए सांस्कृतिक भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी गई, जिस पर मंत्री श्री नेताम ने जनपद में सांस्कृतिक भवन निर्माण की घोषणा की।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष मुद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष श्री सुनील तिवारी, बीडीसी सदस्य राजकुमार यादव, अशर्फी यादव, सुनीता गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, नारद यादव, प्रमोद गुप्ता, पूर्व उपाध्यक्ष विधि लाल गुप्ता, शैलेश गुप्ता, पार्षद विकास गुप्ता, सिद्धार्थ यादव नागवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.