आदतन शातिर चोर गिरफ्तार, स्कूलों से चोरी गया करीब 96 हजार का सामान बरामद
थाना रघुनाथनगर पुलिस ने स्कूलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक आदतन व शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न स्कूलों से चोरी की गई करीब 96 हजार 400 रुपये की सामग्री भी बरामद की गई है।
थाना रघुनाथनगर प्रभारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 जनवरी 2026 को शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय नवगवई के शिक्षक श्री गंभीर सिंह द्वारा थाना रघुनाथनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि 02 व 04 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर कंप्यूटर, टैबलेट, बायोमेट्रिक डिवाइस, प्रिंटर, डीजे साउंड बॉक्स, कुकर, साइंस किट, चावल सहित अन्य सामग्री चोरी कर ली थी, जिसकी कुल कीमत लगभग 64 हजार रुपये थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 03/2026, धारा 305E, 331(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विश्व दीपक त्रिपाठी एवं एसडीओपी वाड्रफनगर श्री राम अवतार ध्रुव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि घटना के समय ग्राम सरना निवासी प्रमोद साहू पिता कैलाश साहू (उम्र 33 वर्ष) को चावल का बोरा ले जाते देखा गया था। संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।