37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ समापन, प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
बलरामपुर। जिले में संचालित 37वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का समापन शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम हॉल (साप्ताहिक बाजार) के सभाकक्ष में किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के निर्देशन में 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर बलरामपुर राजेन्द्र कटारा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने की। विशिष्ट अतिथियों में नगर पालिका अध्यक्ष श्री लोधीराम एक्का एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन द्वारा सड़क सुरक्षा माह के दौरान आयोजित गतिविधियों की रूपरेखा के विमोचन के साथ किया गया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा जिले के सभी अनुभागों में आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इनमें हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, शराब पीकर वाहन न चलाने, मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाने जैसे विषयों पर जागरूकता अभियान, नो हेलमेट–नो पेट्रोल, सड़क सुरक्षा मित्र योजना, रील्स मेकिंग प्रतियोगिता, स्लोगन, निबंध, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी तथा एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं (100 मीटर, 1500 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद) प्रमुख रहीं।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा गोल्डन आवर होता है। यदि इस दौरान घायल को समय पर प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस या पुलिस की सहायता मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने आम नागरिकों और छात्रों से दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने की अपील करते हुए गुड समेरिटन बनने का संदेश दिया।
समारोह में सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सड़क सुरक्षा विषय पर आयोजित रील्स बनाओ प्रतियोगिता में बड़की महरी के शुभम दास एवं उनकी टीम को प्रथम स्थान, देवराज सिंह एवं टीम को द्वितीय तथा छोटू छलिया एवं टीम को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेता रील्स का प्रदर्शन कर अतिथियों द्वारा सराहना भी की गई।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्य अतिथि ने उपस्थित स्कूली छात्र-छात्राओं, आम नागरिकों एवं पत्रकारों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, वैध दस्तावेज साथ रखने एवं नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील की। कार्यक्रम का समापन अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।