बलरामपुर: बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों की नौकरी पर संकट, रैली निकालकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन..
बलरामपुर जिले में बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षक अपनी नौकरी को लेकर चिंतित हैं वह सरकार से अपने समायोजन की मांग कर रहे हैं रैली निकाली और तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा.
छत्तीसगढ़ में पिछले साल 2023 के सितंबर महीने में बीएड प्रशिक्षित लगभग 2900 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति व्यापम द्वारा आयोजित परीक्षा पास कर मेरिट के आधार पर बस्तर और सरगुजा संभाग में हुई थी और नियुक्ति के बाद सहायक शिक्षक सुदूर क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के द्वारा 10 दिसंबर 2024 को दो सप्ताह के अंदर नियुक्ति देने की बात कही गई है साथ ही बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों की नियुक्ति निरस्त करने की बात कही गई है जिससे बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षकों की नौकरी खतरे में आ गई है और इनके आर्थिक मानसिक और सामाजिक रूप से कठिनाई होने की बात सामने आ रही है.
हमारी नौकरी सुरक्षित करें सरकार
इस संबंध में बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षिका प्रियंका पैकरा का कहना है कि आज हमारी नौकरी खतरे में है इसलिए हम सरकार से ये मांग करते हैं कि हमारी नौकरी को सुरक्षित रखें मेरा एक बेटा भी है जिसको लेकर मैं कठिनाइयों का सामना करते हुए सेवा देते आ रही हूं. अगर हम लोगों को नौकरी से निकाल देंगे तो क्या करेंगे शिक्षक के रूप में परिवार में समाज में हमारी पहचान बन चुकी है.
एग्जाम पास कर पाई नियुक्ति
इस संबंध में बीएड डिग्रीधारी सहायक शिक्षक सत्यम पटेल ने कहा कि मैं सहायक शिक्षक 2023 भर्ती में चयनित हुआ हूं हम सभी ने बीएड किया और छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती का एग्जाम पास कर नियुक्ति पाई. सरकार से हम यही मांग करते हैं कि सरकार जैसे भी करके हम तीन हजार भाई-बहनों की सेवा को सुरक्षित करें. हम सभी ने सरकार का विज्ञापन देखा और उस आधार पर तैयारी करके परीक्षा पास करके नौकरी प्राप्त की है.