राजस्व प्रकरणों के निराकरण हेतु जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजितप्राप्त आवेदनों का नियमानुसार तत्काल निराकरण करें: कलेक्टर
बलरामपुर मनोज तिवारी – राजस्व से संबंधित प्रकरणों के निराकरण हेतु शनिवार को तहसील कार्यालय बलरामपुर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर रिमिजियुस एक्का ने आमजनों से प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को नियमानुसार तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर में कलेक्टर श्री रिमिजियुस एक्का ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी बेहतर तरीके से अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण करें। उन्होंने जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न स्थानों से आये आवेदकों के आवेदन का अवलोकन कर संबंधित अधिकारी को तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जिला स्तरीय शिविर में प्राप्त कुल 17 आवेदनों की समीक्षा करते हुए जाति प्रमाण पत्र, बी-1, अभिलेख दुरुस्तीकरण से संबंधित प्राप्त आवेदनों का तत्काल निराकरण करने की बात कही। कलेक्टर ने राजस्व निरीक्षक मंडल और तहसील स्तर पर आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की।
इसी प्रकार राजस्व निरीक्षक मण्डल व तहसील स्तर पर आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में जिले के समस्त तहसीलों से 1134 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से कुल 433 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने शेष लंबित आवेदनों को अविलंब निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ शासन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार राजस्व से संबंधित प्रकरणों के निराकरण हेतु 03 फ़रवरी को राजस्व निरीक्षक मंडल स्तर पर, 10 फरवरी को तहसील स्तर पर और 17 फरवरी को जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर अनुविभागीय अधिकारी(राजस्व), तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं राजस्व विभाग के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित थे।