रामानुजगंज में सुभद्रा मेमोरियल पब्लिक स्कूल का आठवां वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न
*रामानुजगंज में सुभद्रा मेमोरियल पब्लिक स्कूल का आठवां वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न*
रामानुजगंज। नगर के वार्ड क्रमांक 6 में संचालित सुभद्रा मेमोरियल पब्लिक स्कूल का आठवां वार्षिक उत्सव कार्यक्रम स्थानीय लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, पार्षद उषा गुप्ता, अशोक जायसवाल, विकास गुप्ता, रूपवंती जायसवाल, डॉ. सत्यम गुप्ता, डॉ. प्रज्ञा गुप्ता, विकास दुबे, अजय गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की विशेष उपस्थिति रही। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यालय के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति नृत्य, लोकनृत्य, नाटक, समूह गीत सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावक एवं अतिथि बच्चों के उत्साह और प्रतिभा से प्रभावित नजर आए और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर संस्था के डायरेक्टर जितेंद्र पांडे एवं गीतांजलि पांडे ने संयुक्त रूप से बताया कि सुभद्रा मेमोरियल पब्लिक स्कूल वर्ष 2018 से रामानुजगंज में संचालित है। शुरुआत नर्सरी कक्षा से हुई थी, जो वर्तमान में छठवीं कक्षा तक सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। उन्होंने भविष्य में विद्यालय को आठवीं कक्षा तक विस्तारित करने की योजना की जानकारी दी।
डायरेक्टर ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद एवं अन्य बौद्धिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। वर्तमान में विद्यालय में 300 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और अभिभावकों का विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था पर भरोसा विद्यालय परिवार के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बच्चों को निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया।