ट्रैक्टर से गांजा तस्करी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, कुल 7 सलाखों के पीछे

0 80

बलरामपुर।
थाना सिटी कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने ट्रैक्टर के जरिए गांजा तस्करी के मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को बिहार के सासाराम से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस प्रकरण में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों में गजेंद्र कुमार सिंह (42 वर्ष), निवासी ग्राम कपसिया, थाना कोचस, जिला रोहतास (बिहार) तथा डब्लू कुमार प्रजापति (25 वर्ष), निवासी ग्राम तिलकापुर, थाना करगहर, जिला रोहतास (बिहार) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 26 अगस्त 2025 की रात ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से अवैध रूप से गांजा लेकर बिहार के सासाराम जा रहा ट्रैक्टर बलरामपुर थाना क्षेत्र के दलधोवा घाट में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे बने चेंबर से 125 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में ट्रैक्टर चालक अनुज कुमार को 2 सितंबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज के निर्देश पर “एंड-टू-एंड” कार्रवाई के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई। साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर क्रमशः ज्ञानचंद पासवान को 18 अक्टूबर 2025 को तथा 12 जनवरी 2026 को मुख्य आरोपी रंजन श्रीवास्तव समेत अन्य सह-आरोपियों धीरज कुमार सिंह और विनय पासवान को सासाराम से गिरफ्तार किया गया।
प्रकरण की आगे की विवेचना में सासाराम क्षेत्र में गांजा खपाने तथा ओडिशा से गांजा खरीदकर परिवहन में सहयोग करने वाले उपरोक्त दो आरोपियों को 20 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भापेंद्र साहू, उप निरीक्षक के.पी. सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.