रामानुजगंज में पांच दिवसीय ज्ञानोत्सव का भव्य आगाज़, विशाल कलश यात्रा हुवा आयोजन

0 61

रामानुजगंज। नगर में पांच दिवसीय ज्ञानोत्सव का भव्य शुभारंभ विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ। ज्ञान यज्ञ परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लंबे समय बाद नगर में हो रहे इस भव्य कार्यक्रम को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत राम मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा से हुई। हजारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे नगर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण निर्मित किया। कलश यात्रा नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए गायत्री मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग में नगरवासियों ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
आयोजन के तहत 12 फरवरी से 16 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 11:00 बजे तक गायत्री यज्ञ शाला में वैदिक यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वहीं दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक विजय कौशल जी महाराज के कृपा पात्र शिष्य आचार्य बलदेव कृष्ण जी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत चरित्र अमृत कथा का वाचन होगा।
इसके अतिरिक्त प्रतिदिन शाम 6:00 बजे से स्वामी डॉक्टर त्याग मूर्ति जी की अमृतवाणी में आध्यात्मिक ज्ञान गंगा का प्रवचन आयोजित किया जाएगा।
आयोजन को लेकर पूर्व से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं। कलश यात्रा में मौलिक विचारक एवं चिंतक बजरंग मुनि, नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल, अजय सोनी, एसपी निगम, प्रदीप अग्रवाल, अजय गुप्ता, संतोष गुप्ता,विकाश दुबे सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पांच दिवसीय ज्ञानोत्सव से पूरे नगर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है और वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.