गणवेश वितरण में लापरवाही, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी निलंबित

0 168

नवा रायपुर, 18 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग ने गणवेश वितरण में भारी अनियमितताओं और लापरवाही के चलते रामानुजगंज-बलरामपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी डी.एन. मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2025-26 में जिले के पात्र 1,58,244 विद्यार्थियों के लिए 3,16,488 गणवेश प्राप्त हुए थे, जिनमें से केवल 2,38,066 गणवेश का ही वितरण किया गया। इससे बड़ी मात्रा में गणवेश शेष रह गए। आदेश में कहा गया है कि श्री मिश्रा द्वारा छात्रों की संख्या त्रुटिपूर्ण दर्शाई गई, जिसके कारण शासन पर अनावश्यक वित्तीय बोझ पड़ा।

साथ ही, पूर्व वर्षों की शेष गणवेश का समायोजन किए बिना नए सत्र में अतिरिक्त आपूर्ति हेतु मांग पत्र नहीं भेजा गया। इसके कारण गणवेश के रखरखाव में कठिनाई उत्पन्न हो गई और उनके अनुपयोगी होने की संभावना बढ़ गई।

शासन ने इस पूरे प्रकरण को गंभीर कदाचार मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 तथा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम, 1966 के अंतर्गत यह कार्रवाई की है।

निलंबन की अवधि में डी.एन. मिश्रा का मुख्यालय सरगुजा (अम्बिकापुर) स्थित संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा संभाग) का कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।

इधर, शासन ने सूरजपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.