शंकरगढ़ में हत्या का आरोपी गिरफ्तार, शराब विवाद में बोतल से सिर पर हमला
थाना शंकरगढ़ पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लिखना उर्फ गुडुवा पहाड़ी कोरवा (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला अपराध क्रमांक 04/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भरतपुर (बगीचापारा) निवासी शोभनाथ नगेशिया (48 वर्ष) ने 2 जनवरी 2025 को थाना शंकरगढ़ में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि शाम करीब 4:30 बजे वे अपनी दुकान में बैठे थे, तभी गांव में दीनों प्रजापति के घर के पास लड़ाई-झगड़े का शोर सुनकर मौके पर पहुंचे।
मौके पर उन्होंने देखा कि उनके छोटे भाई राजेश्वर नगेशिया घर के आंगन में बेहोशी की हालत में पड़े थे। पूछताछ करने पर पत्नी तिलासो नगेशिया ने बताया कि राजेश्वर नगेशिया ने आरोपी लिखना उर्फ गुडुवा पहाड़ी कोरवा को शराब की बोतल ले जाते देखकर शराब देने की बात कही, जिस पर आरोपी गुस्से में आ गया। आरोपी ने राजेश्वर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और हाथ में पकड़ी कांच की बोतल से सिर के पीछे वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन राजेश्वर नगेशिया को तत्काल भरतपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मृत्यु हुई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना शंकरगढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए गए। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।