कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठकविभागीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

0 28

बलरामपुर मनोज तिवारी- कलेक्टर रिमिजियुस एक्का ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा लेकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लक्ष्य के अनुरूप प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा कम प्रगति वाले योजनाओं के क्रियान्वयन में होने वाले कारणों की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयावधि में लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में महतारी वंदन योजना, धान उठाव, राशन कार्ड के नवीनीकरण, जाति प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री एक्का ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत जिले के चिन्हांकित बसाहटों में बनाये जा रहे आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन और अद्यतन स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में शिक्षा और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए अधिकारी जिले में संचालित छात्रावासों एवं चिकित्सालयों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्तायुक्त मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत् प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी राशनकार्डों के नवीनीकरण कार्य के प्रगति की जानकारी लेते हुए शेष कार्डों के नवीनीकरण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा। इसी प्रकार उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए जा रहे शिविरों में टीबी, सिकल सेल एवं एनीमिया की जाँच तथा ब्लड बैंक, डायलिसिस यूनिट के संचालन के संबंध में जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिले में 03 मार्च को शून्य से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक बूथ पर तथा 4 व 5 मार्च को छुटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर पिलाया जाएगा।
बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग में संचालित विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड से शत-प्रतिशत लोगों को लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने नल-जल प्रदाय योजना के अंतर्गत जिले में योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए शीघ्र ही योजना को पूर्ण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने मौसम को दृष्टिगत रखते हुए धान के समुचित रखरखाव के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। इसके साथ ही उन्होंने शेष बचे धान के उठाव के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के प्रगति की समीक्षा करते हुए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों से योजनाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ रेना जमील, डिप्टी कलेक्टर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.