क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन

0 61

बलरामपुर-रामानुजगंज।
अखिल भारतीय खेल संगठन क्रीड़ा भारती, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के तत्वावधान में ग्राम पंचायत मितगई स्थित स्कूल ग्राउंड में कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत बलरामपुर-रामानुजगंज के पूर्व सभापति एवं सर्व यादव समाज के प्रदेश महामंत्री माननीय राजेश यादव उपस्थित रहे। प्रतियोगिता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास का सशक्त माध्यम है। स्वस्थ शरीर के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं और कबड्डी भारतीय मूल का लोकप्रिय खेल है, जो अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देता है। उन्होंने इस आयोजन के लिए क्रीड़ा भारती की प्रशंसा की।
क्रीड़ा भारती के जिला संयोजक अजय यादव ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि क्रीड़ा भारती “खेल से चरित्र निर्माण और चरित्र निर्माण से राष्ट्र निर्माण” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। संगठन का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। इस प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया, जिनमें 2 टीमें बालिका वर्ग की थीं।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय राजेश यादव द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागी टीमों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्रवण यादव, प्राचार्य अजय गुप्ता, संकुल समन्वयक चन्द्रदीप यादव, रेफरी की भूमिका में पीटीआई परमेश्वर पैंकरा, संजीव तिर्की, पूजा गुप्ता, पी.के. यादव, रेयाजुदीन शेख सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.