भाजपा जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
बलरामपुर-रामानुजगंज।
भारतीय जनता पार्टी बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा जिला कार्यालय में प्रखर राष्ट्रवादी विचारक, ‘अंत्योदय’ एवं ‘एकात्म मानववाद’ के प्रणेता तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों का स्मरण किया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद के माध्यम से व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को एक अविभाज्य इकाई के रूप में देखने की समग्र दृष्टि दी। उनका मानना था कि विकास केवल आर्थिक उन्नति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक, नैतिक और सामाजिक संतुलन के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक अवसर और सम्मान पहुँचना चाहिए, यही सच्चा अंत्योदय है।
मुख्य वक्ता वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण गुप्ता ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों से प्रेरित होकर भाजपा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है, जहाँ सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास राष्ट्र निर्माण का मूल आधार बने।
संगोष्ठी कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री भानुप्रकाश दीक्षित ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता बंसीधर गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, पार्षद गौतम सिंह, राकेश सिंह, योगेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, संजय पुसाम, महामंत्री गुरुदेव सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात कर समाजसेवा और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।