मंत्री रामविचार नेताम के विरुद्ध सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो को लेकर कड़ा विरोध, अंबिकापुर कोतवाली व विजयनगर चौकी में शिकायत दर्ज

0 74

बलरामपुर/अंबिकापुर। माननीय मंत्री रामविचार नेताम के विरुद्ध आपत्तिजनक एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया (यूट्यूब) पर प्रसारित किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर अंबिकापुर एवं विजयनगर क्षेत्र में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। शिकायतकर्ताओं ने इसे एक सोची-समझी दुर्भावनापूर्ण साजिश बताते हुए कहा कि यह कृत्य न केवल माननीय मंत्री की छवि धूमिल करने का प्रयास है, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने जैसा गंभीर अपराध भी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विजयनगर पुलिस चौकी में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाली युवती के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की मांग को लेकर लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई गई। वहीं, अंबिकापुर पुलिस कोतवाली में भी ज्ञापन सौंपकर समान मांग रखी गई। शिकायतकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी जनप्रतिनिधि के सम्मान, गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना कतई स्वीकार्य नहीं है।
ज्ञापन में कहा गया कि यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ लोग केवल व्यूज और सब्सक्राइबर बढ़ाने की होड़ में गाली-गलौज एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जिससे समाज में गलत संदेश जा रहा है। ऐसे मामलों में समय पर और सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होने के कारण इस तरह की प्रवृत्ति लगातार बढ़ती जा रही है, जो भविष्य में गंभीर सामाजिक तनाव का कारण बन सकती है।
पत्रकारों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता तथ्यों और मर्यादित भाषा पर आधारित होती है, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नियंत्रण के अभाव में कुछ यूट्यूबर सभी सीमाएं लांघ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध स्पष्ट कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मर्यादा के बीच संतुलन बना रहे।
शिकायतकर्ताओं ने अंबिकापुर पुलिस कोतवाली एवं रामानुजगंज के विजयनगर पुलिस चौकी से मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और वीडियो की जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की गैर-जिम्मेदाराना हरकत करने का साहस न कर सके और कानून का भय बना रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.