तातापानी महोत्सव 2026 में पवन पाण्डेय की शानदार प्रस्तुति, ‘तातापानी के मेला पिया’ गीत पर झूमे दर्शक

0 141

बलरामपुर (छत्तीसगढ़):
जिला बलरामपुर स्थित प्रसिद्ध तातापानी महोत्सव 2026 में क्षेत्रीय कलाकार पवन पाण्डेय ने अपनी शानदार और ऊर्जावान प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके लोकप्रिय गीत ‘तातापानी के मेला पिया’ पर उपस्थित लोग झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्साह और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने पवन पाण्डेय की प्रस्तुति की जमकर सराहना की और इसे महोत्सव की सबसे यादगार प्रस्तुतियों में से एक बताया। लोगों का कहना था कि पवन पाण्डेय की गायकी में स्थानीय संस्कृति और भावनाओं की झलक साफ दिखाई देती है, जो सीधे दिल को छू जाती है।
इस अवसर पर पवन पाण्डेय ने कहा कि यदि उन्हें पूरा अवसर और समय दिया जाए, तो वे तातापानी महोत्सव जैसे बड़े मंच पर और भी रचनात्मक, बेहतरीन एवं यूनिक प्रस्तुति दे सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय कलाकारों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें उचित मंच और सम्मान मिलना चाहिए।
हालांकि, उन्होंने यह दुख भी व्यक्त किया कि अक्सर क्षेत्रीय कलाकारों को पर्याप्त समय और अवसर नहीं मिल पाता। जिला प्रशासन द्वारा बाहरी नामचीन ग्रुपों को सैकड़ों प्रस्तुतियों का अवसर दिया जाता है, जबकि स्थानीय कलाकार पीछे रह जाते हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता भी इसका एक प्रमुख कारण है।
पवन पाण्डेय ने जिला कलेक्टर राजेंद्र कटारा का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में स्थानीय कलाकारों को और अधिक प्रोत्साहन एवं अवसर दिए जाएंगे, जिससे वे अपनी कला के माध्यम से जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.