विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार आजीविका मिशन से बदलेगी गांवों की तस्वीर और तक़दीर – सांसद चिंतामणि महाराज

0 83

बलरामपुर।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन के आह्वान पर ज़िला भाजपा कार्यालय बलरामपुर के सभाकक्ष में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव एवं ज़िलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल की विशेष उपस्थिति रही।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक पहल के तहत विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम 2025 लाया गया है, जो देश के गांवों को विकसित बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि यह अधिनियम किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है। यह कानून गांवों में रोज़गार के नए अवसर सृजित करेगा और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाएगा।
सांसद चिंतामणि महाराज ने बताया कि यह अधिनियम मनरेगा योजना का उन्नत और अधिक प्रभावी स्वरूप है। जहां मनरेगा के अंतर्गत 100 दिनों का रोज़गार उपलब्ध कराया जाता था, वहीं इस नए अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों के सुनिश्चित रोज़गार की गारंटी मिलेगी। इससे मजदूरों की आय में स्वाभाविक रूप से वृद्धि होगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब मज़दूरी का भुगतान सात दिनों के भीतर किया जाएगा, जिससे श्रमिकों को समय पर उनकी मेहनत का उचित लाभ मिलेगा। इसके साथ ही खेती-किसानी से जुड़े कार्यों को सुरक्षित और सुदृढ़ रखने के लिए अधिनियम में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा ज़िला महामंत्री भानु प्रकाश दीक्षित, प्रवक्ता दीनानाथ यादव, ज़िला पंचायत अध्यक्ष हीरामुणि निकुंज, महिला मोर्चा ज़िलाध्यक्ष सुषमा मिंज, ज़िला कार्यालय मंत्री अजय गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि मुकेश गुप्ता, भाजपा ज़िला मीडिया सह प्रभारी अजय यादव, मंडल अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह एवं महामंत्री रजनी सोनी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि यह अधिनियम ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक मजबूत आधार बनेगा और “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.