नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी युवक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया जेल
बलरामपुर-रामानुजगंज।
जिले के कोरांधा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोरांधा में दिनांक 06 जनवरी 2026 को पीड़िता की माता द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आवेदन में उल्लेख किया गया कि उसकी नाबालिग बेटी को आरोपी अजय सोनी पिता मनी सोनी (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम भगवानपुर, थाना कोरांधा, घर छोड़ने के बहाने ले गया। इस दौरान ग्राम घुंघरूपाठ के पास सड़क किनारे स्थित मुरूम गड्ढे में ले जाकर आरोपी ने जबरदस्ती दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोरांधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 65(1) बीएनएस एवं धारा 4 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। विवेचना के दौरान दिनांक 07 जनवरी 2026 को आरोपी अजय सोनी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
इसके पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जा रही है।